रांची उच्च न्यायालय के आदेश के बाद पेलोडर ऑपरेटर को दिया गया ज्वाइनिंग
दस वर्ष पहले कर दिया गया था सेवानिवृत्त

पंचेत (धनबाद)। बीसीसीएल सीवी एरिया बारह के भ्रष्ट प्रबंधन ने पेलोडर ऑपरेटर दिलीप महतो को दस वर्ष पहले सेवानिवृत्त कर दिया। रांची उच्च न्यायालय के आदेश पर इस शर्त के तहत ज्वाइनिंग दिया गया कि 21 माह का कोई भी लाभ नहीं दिया जाएगा। पीड़ित ऑपरेटर के साथ मजदूर नेताओं ने बुधवार को पतलाबाड़ी उपर मोड़ में प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। मजदूर नेता विजय सोरेन उर्फ ठाकुर मांझी, बाबूजान मरांडी, पीड़ित दिलीप महतो ने बताया कि दहीबाड़ी एवं एरिया प्रबंधन ने एनआईसी में जन्मतिथि का हवाला देते हुए नवंबर 2022 में जबरन सेवानिवृत्त का लेटर थमा दिया। सुधार के लिए एरिया ऑफिस से लेकर मुख्यालय के दफ्तर में चक्कर लगाया। स्कूल का प्रमाण पत्र भी जमा किया लेकिन कोई भी अधिकारी ने बात नहीं सुनी। अंत में रांची न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। तीन वर्ष के संघर्षों के बाद उच्च न्यायालय ने फैसला दिया। इसके बाद प्रबंधन ने ज्वाइनिंग दिया। लेकिन यह शर्त रखी कि सेवानिवृत्त के लेटर देने बाद पिछले 21 माह का कोई भी लाभ नहीं दिया जाएगा। जो अन्याय है। कहा कि प्रबंधन के इस शर्त के खिलाफ भी कोर्ट में केस किया जाएगा। इन्होंने कहा कि कई मजदूर प्रबंधन के इस रवैए के शिकार हो रहे हैं। तानाशाही रवैया अपनाते हुए मैनेजमेंट मजदूरों पर हावी है। अंग्रेजी शासन के जैसा मजदूरों पर कुछ भी थोपा जा रहा है। मजदूर चुप रहते हैं। मजदूरों की ओर से कोई विरोध नहीं हो रहा है। कहा कि ट्रेड यूनियन करने वाले नेता अपनी रोटी सेंक रहे हैं। मजदूरों की हितों की लड़ाई लड़ी नहीं जा रही है। कहा कि जानकर लोगों को किसी भी यूनियन में इज्जत नहीं मिल रहा है और जो यूनियन का य का अर्थ नहीं जानता है, वैसे लोग मजदूर का प्रतिनिधि कर रहे हैं। भविष्य में प्रबंधन के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा। मौके पर दुलाल भंडारी, सपन राय, निर्मल महतो, रोबिन पाल, दास टुडू, सिकंदर, गणेश हांसदा, शिवराम मुर्मू, नव महतो, हेमलाल टुडू, सुखलाल टुडू, रुपलाल टुडू, अब्दुल रब अंसारी आदि थे।